योगी सरकार में रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति, यूपी ने तमिलनाडु-कर्नाटक को भी पीछे छोड़ा
योगी सरकार में रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति, यूपी ने तमिलनाडु-कर्नाटक को भी पीछे छोड़ा
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की बिजली व्यवस्था ने नई ऊंचाई हासिल की है। प्रदेश में निर्बाध और बिना कटौती बिजली आपूर्ति की जा रही है। प्रभावी प्रबंधन और मजबूत विद्युत ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्य भी रिकॉर्ड आपूर्ति के मामले में यूपी से पीछे हैं।
जुलाई में उत्तर प्रदेश ने लगातार सर्वाधिक बिजली आपूर्ति का रिकॉर्ड बनाया। 14 जुलाई को 30,457 मेगावाट, 13 जुलाई को 29,827 मेगावाट, 12 जुलाई को 30,598 मेगावाट, 11 जुलाई को 29,041 मेगावाट और 10 जुलाई को 26,571 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई। गर्मी और मानसून में बढ़ती मांग के बावजूद उपभोक्ताओं को असुविधा नहीं होने दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित 18 घंटे के शेड्यूल से अधिक बिजली दी जा रही है।
शहरों, तहसील मुख्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में भी निर्बाध आपूर्ति के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यूपीपीसीएल की टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। प्रत्येक जिले में अधिकारी फील्ड का निरीक्षण कर रहे हैं। आंधी-बारिश से हुई तकनीकी खराबी को कम समय में ठीक किया जा रहा है। लाइनों से सटी पेड़ों की डालियों की छंटाई कराई जा रही है ताकि तार टूटने की घटनाएं न हों। यूपीपीसीएल ने लोगों से अपील की है कि बरसात में टूटे तारों, ट्रांसफॉर्मर, खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाएं।
किसी भी विद्युत दुर्घटना की सूचना 1912 हेल्पलाइन या निकटतम बिजली कार्यालय पर दें। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि सभी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिले इसके लिए हर स्तर पर सजगता के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
