IRITM लखनऊ में IRMS और IRPFS के 82 परिवीक्षाधीन अधिकारियों का इंडक्शन मॉड्यूल संपन्न

IRITM लखनऊ में IRMS और IRPFS के 82 परिवीक्षाधीन अधिकारियों का इंडक्शन मॉड्यूल संपन्न

Aug 14, 2026 - 15:03
 0  34
IRITM लखनऊ में IRMS और IRPFS के 82 परिवीक्षाधीन अधिकारियों का इंडक्शन मॉड्यूल संपन्न

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान IRITM, लखनऊ में भारतीय रेल प्रबंधन सेवा IRMS एवं भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा IRPFS के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के इंडक्शन मॉड्यूल का समापन समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह IRMS के 2022 एवं 2023 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के इंडक्शन प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूर्ण होने का प्रतीक रहा।

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से चयनित IRMS के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने 104 सप्ताह के व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को रेलवे संचालन एवं प्रबंधन के विभिन्न आयामों की समग्र समझ प्रदान करना था। कुल 82 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने इंडक्शन मॉड्यूल सफलतापूर्वक पूर्ण किया, जिसमें 57 IRMS ट्रैफिक, 17 IRMS अकाउंट्स तथा 8 IRPFS अधिकारी शामिल रहे। 

प्रशिक्षण रिपोर्ट और अनुभव साझा

समारोह का शुभारंभ संस्थान के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर के आगमन के साथ हुआ। कोर्स डायरेक्टर पी. पी. लाठे ने प्रशिक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें इंडक्शन मॉड्यूल के शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं क्षेत्रीय प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात 2023 बैच की IRMS A अधिकारी सुरभि जैन ने परिवीक्षाधीन अधिकारियों की ओर से ऑफिसर ट्रेनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त प्रमुख सीख एवं व्यावसायिक अनुभवों को साझा किया।

अधिकारियों को दी गई सीख

समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने सभी परिवीक्षाधीन अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने लोक सेवा के दायित्वों के निर्वहन में सत्यनिष्ठा, अनुशासन, व्यावसायिक उत्कृष्टता एवं समर्पण के महत्व पर बल दिया। IRITM के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने कहा कि इंडक्शन मॉड्यूल को इस प्रकार तैयार किया गया है कि अधिकारियों को रेलवे संचालन, वित्त, संरक्षा, सुरक्षा एवं प्रबंधन संबंधी कार्यप्रणालियों की समग्र समझ प्राप्त हो सके।

उन्होंने अधिकारियों से उच्चतम स्तर की व्यावसायिकता, सत्यनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता बनाए रखने तथा भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, संरक्षा एवं कुशल संचालन में प्रभावी योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में महानिदेशक एवं अपर महानिदेशक द्वारा परिवीक्षाधीन अधिकारियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।

इस अवसर पर IRITM के संकाय सदस्य, उपमहानिरीक्षक प्रशिक्षण जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी चंद्र मोहन मिश्रा तथा IRITM के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow