मंत्री ए.के. शर्मा का मऊ प्रशासन को कड़ा निर्देश, भूमाफिया और वसूली गैंग पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए
मंत्री ए.के. शर्मा का मऊ प्रशासन को कड़ा निर्देश, भूमाफिया और वसूली गैंग पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- जनपद मऊ में आपराधिक वसूली गैंग, भूमाफियाओं और राजनीतिक संरक्षण में पनप रही अवैध गतिविधियों पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद में कानून का राज कायम रहे और किसी भी प्रकार की माफियागिरी दोबारा न पनपे।
मंत्री शर्मा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति या गिरोह को कानून अपने हाथ में लेने, अवैध वसूली करने, भूमि पर अवैध कब्जा करने या भय का वातावरण बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने का भ्रम है तो प्रशासन निष्पक्षता से कानून के अनुसार कार्रवाई करे और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। मंत्री शर्मा ने ग्राम पंचायतों के प्रधानों के उत्पीड़न पर भी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच निष्पक्षता और तथ्यों के आधार पर हो, लेकिन निराधार शिकायतों के नाम पर जनप्रतिनिधियों को बार-बार परेशान करना उचित नहीं है। ग्राम प्रधान ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें अनावश्यक रूप से प्रताड़ित करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमाफियाओं, अवैध वसूली करने वाले गिरोहों और जनता व जनप्रतिनिधियों को भयभीत करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है — अपराध और माफियागिरी के प्रति शून्य सहिष्णुता तथा ईमानदार जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के हितों की पूरी सुरक्षा।
What's Your Reaction?
