मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में 868 करोड़ की 90 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- सपा-कांग्रेस को आस्था से दिक्कत थी
मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में 868 करोड़ की 90 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- सपा-कांग्रेस को आस्था से दिक्कत थी
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- शुक्रवार को गाजियाबाद में मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल देखे और कई बच्चों का अन्नप्राशन कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन लोगों के मुंह से आस्था की बात हास्यास्पद लगती है। इन्हीं लोगों ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई थी।
इन्हें व्यापारी पर बम फेंकने और कट्टा-बम बनाने पर आपत्ति नहीं थी, लेकिन हर-हर बम-बम बोलकर चलने वाले शिवभक्तों से दिक्कत थी। अपना कुर्ता दिखाकर सीएम ने कहा कि इन्हें भगवा रंग से भी चिढ़ थी। यही लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा के पंडालों पर भी रोक लगाते थे।
मुख्यमंत्री ने 2017 के शासनादेश का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कहा जाता था कि कांवड़ यात्रा से दंगे हो सकते हैं। लेकिन अब हरिद्वार से गाजियाबाद तक देश की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा निकलती है। उन्होंने शिवभक्तों से अपील की कि यात्रा की मर्यादा और अनुशासन बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले गाजियाबाद में गुंडागर्दी और गैंगवार होते थे, अब यहां सुशासन की पहचान है। गाजियाबाद एनसीआर और दिल्ली के ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित हो रहा है। रैपिड रेल, एक्सप्रेसवे, हिंडन एयरपोर्ट और ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार में कानून का राज, सुरक्षा और विकास से ही समृद्धि और रोजगार सृजित हो रहे हैं। कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले 100 रुपये में से 85 रुपये रास्ते में ही खत्म हो जाते थे, जबकि अब वह पैसा सीधे गरीबों के विकास में लग रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
