संकटा प्रसाद ने किसानों को आवाज बुलंद करने का आत्मविश्वास दिया: वीरेन्द्र सिंह

Nov 24, 2025 - 19:08
 0  11
संकटा प्रसाद ने किसानों को आवाज बुलंद करने का आत्मविश्वास दिया: वीरेन्द्र सिंह

हिन्द भास्कर,

लखनऊ,23 नवम्बर । भारतीय किसान संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री ठाकुर संकठा प्रसाद सिंह की 102वीं जयंती रविवार को माधव सेवा आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं भारतीय किसान संघ से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने ठाकुर संकठा प्रसाद के योगदान पर चर्चा की। उपस्थितजनों ने उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित कर यह संकल्प लिया कि ठाकुर संकठा प्रसाद के संघर्षों और आदर्शों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया जाएगा।

वक्ताओं ने ठाकुर संकठा प्रसाद के समाज, किसान और संगठन के प्रति उनके आजीवन समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रभावना का प्रतीक था। गुजरात के ऐतिहासिक किसान आंदोलन में उनकी निर्णायक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनके नेतृत्व ने किसानों को पहली बार एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आत्मविश्वास दिया। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ठाकुर संकठा प्रसाद का संघ से गहरा लगाव केवल कार्य की सीमा तक नहीं था, बल्कि वह जीवन का मार्गदर्शक तत्व था। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, राष्ट्र और सनातन मूल्यों के प्रति उनका समर्पण तथा कार्यकर्ताओं के प्रति उनका वात्सल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के पूर्व महाधिवक्ता राघवेंद्र सिंह ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एम. एल. भट्ट, निदेशक — कल्याण सिंह कैंसर संस्थान, उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ पत्रकार अच्युतानंद मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार नरेंद्र भदोरिया, तथा धर्माचार्य जगतगुरु ओम प्रपन्नाचार्य महाराज का उद्बोधन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।कार्यक्रम का संचालन शशि प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर रामनारायण , उज्जैन , डॉ. पवन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow