महाराज उदित नारायण सिंह के नाम पर हो गोरखपुर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

श्री क्षत्रीय विकास समिति, उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर गोरखपुर में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम 1857 के क्रांतिकारी नायक एवं सतासी राज्य के वीर नरेश महाराज उदित नारायण सिंह के नाम पर रखने की मांग की। समिति ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत, जनभावनाओं और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Jun 28, 2026 - 23:17
 0  34
महाराज उदित नारायण सिंह के नाम पर हो गोरखपुर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

महाराज उदित नारायण सिंह के नाम पर हो गोरखपुर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम: मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

गोरखपुर। गोरखपुर में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं सतासी राज्य के वीर नरेश महाराज उदित नारायण सिंह के नाम पर रखने की मांग उठी है। इसी क्रम में शुक्रवार को श्री क्षत्रीय विकास समिति, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

समिति के अध्यक्ष विशाल सिंह एवं महामंत्री एडवोकेट अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि महाराज उदित नारायण सिंह ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध साहसपूर्वक संघर्ष किया और राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व तथा बलिदान का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। अंग्रेजी हुकूमत ने उनके महल को तोपों से ध्वस्त करा दिया और उनकी संपत्ति जब्त कर ली, लेकिन उन्होंने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिस क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है, वह ऐतिहासिक रूप से सतासी राज्य और महाराज उदित नारायण सिंह की गौरवशाली विरासत से जुड़ा रहा है। ऐसे में स्टेडियम का नाम उनके नाम पर रखा जाना क्षेत्र के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के योगदान को उचित सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला कदम होगा।

महामंत्री एडवोकेट अमित कुमार सिंह ने कहा कि यह केवल किसी संगठन की मांग नहीं, बल्कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों की जनभावनाओं, इतिहास और अस्मिता से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि अनेक सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और इतिहासकारों ने भी इस मांग का समर्थन किया है।

समिति के अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि सरकार समय-समय पर स्वतंत्रता सेनानियों और क्षेत्रीय नायकों के सम्मान में संस्थानों का नामकरण करती रही है। ऐसे में पूर्वांचल के गौरव महाराज उदित नारायण सिंह के नाम पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नामकरण ऐतिहासिक निर्णय होगा।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और इस विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। समिति ने उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र ही जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेगी।

इस अवसर पर समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow