उन्नाव में राज्य कर विभाग ने मौरावां में किया व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन

उन्नाव में राज्य कर विभाग ने मौरावां में किया व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन

Jun 4, 2026 - 11:40
 0  21
उन्नाव में राज्य कर विभाग ने मौरावां में किया व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन

उन्नाव(हिन्द भास्कर):- राज्य कर विभाग, उन्नाव द्वारा स्थानीय बाजार मौरावां, तहसील पुरवा में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्व वृद्धि, पंजीयन बेस के विस्तार और व्यापारियों में जीएसटी प्रणाली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की कर संबंधित समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना एवं उनमें विभाग के प्रति विश्वास बढ़ाना, रिटर्न न भरने वाले व्यापारियों को नियमित अनुपालन के लिए प्रोत्साहित करना, जीएसटी पोर्टल पर करदाताओं को उनके स्वयं के मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित करना, अपंजीकृत व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन के लिए प्रेरित करना एवं पंजीयन का विस्तार करने के साथ -साथ जीएसटी 2.0 के अंतर्गत नवीन प्रावधानों, व्यापारी हितैषी महत्वपूर्ण सुधार एवं इन्वॉइसिंग आदि की जानकारी व्यापारियों तक पहुंचाना है।

उनके द्वारा जीएसटी लेने के फायदों पर विस्तार से बताया गया। उन्होंने अपंजीकृत व्यापारियों से अपील की वे जल्दी से जल्दी जीएसटी रेजीम में पंजीकृत होकर उसका लाभ उठायें।  व्यापारी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त जीएसटी, उन्नाव कुलदीप द्वारा जीएसटी करदाताओं को जीएसटी पोर्टल, ई इन्वॉइसिंग, रिटर्न फाइलिंग एवं इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई एवं नियम 14 ए के प्रावधानों से व्यापारियों को अवगत कराया गया।

व्यापारियों को बिना किसी प्रीमियम राशि के संचालित विभाग की व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के बारे में भी जानकारी दी गयी। कार्यक्रम को सहायक आयुक्त जीएसटी प्रशान्त द्विवेदी ने पंजीयन की प्रक्रिया को समझाते हुए पंजीयन के लिए आवश्यक प्रपत्रों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने व्यापरियों से अपील की कि वे समय पर अपना रिटर्न फाइल करना सुनिश्चित करें और माल के परिवहन के समय माल की प्रॉपर इनवॉइस, ई-वे बिल एवं अन्य आवश्यक कागजात जरूर रखें।

राज्य कर अधिकारी सुधा रानी ने व्यापार स्थल के भौतिक सत्यापन के समय व्यापारियों द्वारा जरूरी दस्तावेज दिखाने की बात कही। संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता कृष्णा ने बताया कि व्यापारी नोटिस को लेकर जागरूक रहें और अगर उनके मेल आईडी एवं फोन पर कोई भी नोटिस संबंधी जानकारी मिलती है तो तुरंत अपने वकील या सीए को बताएं। कार्यक्रम को लखनऊ से आए हुए सीए क़ाज़ी जीशान आलम द्वारा भी संबोधित किया गया।

उन्होंने बताया कि सभी व्यापारी अपने रिटर्न को लेकर जागरूक रहें और क्योंकि ग़लतियाँ अब एआई के माध्यम पकड़ी जा रही हैं इसलिए छोटी से छोटी चूक भी सिस्टम पकड़ ले रहा है और उस पर नोटिस भेजी जा सकती है। इस कारण रिटर्न फाइलिंग करते हुए व्यापारियों द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही ना की जाए। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारी-बंधुओं की बड़े पैमाने पर भागीदारी रही।

इनमें प्रमुख रूप से सुनील कुमार गुप्ता व्यापार मंडल अध्यक्ष कालूखेड़ा, पापुलर मेडिकल स्टोर के प्रोप्राइटर मोहम्मद इरफान,  गोल्डी मशीनरी से राजू गुप्ता, लक्ष्मी इंटरप्राइजेज से अमन गुप्ता, न्यू रोमी इंटरप्राइजेज से राजकुमार गुप्ता एवं गुप्ता हार्डवेयर के प्रोपराइटर वीरेंद्र गुप्ता की सक्रिय भागीदारी एवं उपस्थिति रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow