इंडिया बायोएनर्जी एक्सपो 2026: मंत्री ए.के. शर्मा बोले- सीबीजी से किसान समृद्ध होंगे, कचरे से बनेगी ऊर्जा और गांव में मिलेंगे रोजगार

इंडिया बायोएनर्जी एक्सपो 2026: मंत्री ए.के. शर्मा बोले- सीबीजी से किसान समृद्ध होंगे, कचरे से बनेगी ऊर्जा और गांव में मिलेंगे रोजगार

Aug 12, 2026 - 22:19
 0  16
इंडिया बायोएनर्जी एक्सपो 2026: मंत्री ए.के. शर्मा बोले- सीबीजी से किसान समृद्ध होंगे, कचरे से बनेगी ऊर्जा और गांव में मिलेंगे रोजगार

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 के दूसरे दिन नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए डेलीगेट्स, विषय विशेषज्ञों और बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया।

सीबीजी से किसानों की आय दोगुनी होगी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि सीबीजी इंडस्ट्री में किसानों को समृद्ध बनाने की बहुत ताकत है। इसके माध्यम से कचरे को कंचन बनाकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है और गांव के लोगों को गांव में ही रोजगार दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को ग्रीन एनर्जी की राह दिखाई है।

पूर्व की सरकारों ने किसानों की चिंता नहीं की, जबकि प्रधानमंत्री ने किसानों की आमदनी बढ़ाने, स्वाइल हेल्थ कार्ड और कृषि को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मंत्री शर्मा ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि बायोएनर्जी के क्षेत्र में निवेश करने वाले उद्यमियों के साथ प्रदेश सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है।

राहुल गांधी पर बोला हमला

मंत्री शर्मा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी केवल राजनीतिक बयानबाजी कर देश के किसानों एवं युवाओं को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी विश्वविद्यालय को हिंदी में लिखकर और आईआईटी तथा आईआईएम की हिंदी में फुल फॉर्म बता कर दिखा दें। राहुल गांधी तो गन्ना और मकई के पौधे में अंतर भी नहीं कर पाएंगे।

मंत्री शर्मा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित सीबीजी बायोएनर्जी का यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन इसका जीवंत उदाहरण है, जहां देश-विदेश के उद्यमी और विशेषज्ञ किसानों की आय बढ़ाने, कचरे को ऊर्जा में बदलने और गांव में रोजगार पैदा करने की संभावनाओं पर मंथन कर रहे हैं।

कृषि अपशिष्ट से बनेगी ऊर्जा

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा अनाज उत्पादक राज्य है और यहां सबसे अधिक कृषि अपशिष्ट उपलब्ध है। इस अपशिष्ट को नवाचार के माध्यम से ऊर्जा में बदला जा सकता है। उन्होंने सभी उद्यमियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि हम सबके सहयोग से ग्रीन एनर्जी के माध्यम से अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेंगे।

यह किसानों के भविष्य को सुनहरा बनाने का अवसर है। ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत एवं गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कृषि के साथ पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए प्रदेश में डोमेस्टिक लेवल पर एक लाख छोटे बायोगैस प्लांट लगाने की आवश्यकता बताई।

1000 करोड़ का एमओयू साइन

इस अवसर पर केआईएस एवं पारस ग्रुप के साथ एक हजार करोड़ रुपये का एमओयू साइन हुआ। साथ ही अनेक रिसर्च जर्नल एवं कृषि साहित्य का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में बायोएनर्जी, सीबीजी, कृषि अपशिष्ट के उपयोग, ग्रामीण रोजगार और ग्रीन एनर्जी की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow