राहुल सिंह मामले में अखिलेश यादव से फोन पर बात, सपा उठाएगी CBI जांच और 5 करोड़ मुआवजे की मांग
राहुल सिंह मामले में अखिलेश यादव से फोन पर बात, सपा उठाएगी CBI जांच और 5 करोड़ मुआवजे की मांग
महराजगंज(हिन्द भास्कर):- सिसवा बाजार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध मौत के मामले को गंभीरता से उठाने का आश्वासन दिया है। पूर्व मंत्री एवं सिसवा विधानसभा से 2022 के सपा प्रत्याशी सुशील टिबड़ेवाल ने बताया कि शनिवार देर रात उन्होंने अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने 317 सिसवा विधानसभा क्षेत्र के असमन छपरा गांव निवासी राहुल सिंह के परिजनों से हुई मुलाकात की पूरी जानकारी दी। साथ ही परिजनों की पीड़ा, स्थानीय लोगों की चिंता और मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता से भी अवगत कराया। सुशील टिबड़ेवाल के अनुसार, अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस पूरे मामले को लोकसभा और उत्तर प्रदेश विधानसभा में मजबूती से उठाएगी।
पार्टी राहुल सिंह की मौत की CBI से निष्पक्ष जांच, परिजनों को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। गौरतलब है कि कोठीभार थाना क्षेत्र के असमन छपरा गांव निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह का शव 14 जुलाई को लखनऊ के एक होटल में मिला था। तब से परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं और क्षेत्र में इस घटना को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।
What's Your Reaction?
