शिवाजी का चरित्र राष्ट्र के लिए पथ-प्रदर्शक: आशीष भैया

दिल्ली विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में महानाट्य 'जाणता राजा' की तैयारी को लेकर प्रबुद्ध सम्मेलन हुआ। आशीष भैया जी ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन राष्ट्रबोध और स्वाभिमान का प्रतीक है। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के तत्वावधान में 22 से 28 अक्टूबर तक महानाट्य का मंचन होगा।

Oct 19, 2026 - 19:42
 0  24
शिवाजी का चरित्र राष्ट्र के लिए पथ-प्रदर्शक: आशीष भैया

DU में 'जाणता राजा' महानाट्य को लेकर प्रबुद्ध सम्मेलन, 22 से 28 अक्टूबर तक होगा मंचन

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। दिव्य प्रेम सेवा मिशन की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित ऐतिहासिक महानाट्य 'जाणता राजा' के आयोजन की तैयारियों के क्रम में सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय अतिथि गृह में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सम्मेलन श्रद्धेय आशीष भैया जी के मार्गदर्शन और गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में अपने बीज वक्तव्य में आशीष भैया जी ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन राष्ट्रबोध, स्वाभिमान और संगठन शक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। हिंदवी स्वराज्य की उनकी परिकल्पना केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि जनकल्याण और सुशासन का आदर्श थी।

उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का चरित्र आज भी राष्ट्र के लिए पथ-प्रदर्शक है और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के चीफ विजिलेंस ऑफिसर एवं प्रोवोस्ट ग्वायर हाल प्रो. गजेंद्र सिंह, सत्यवती कॉलेज के डॉ. आशुतोष तिवारी सहित अनेक शिक्षाविदों ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि 'जाणता राजा' जैसा महानाट्य इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

बौद्ध अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कामाख्या नारायण तिवारी ने बताया कि यह महानाट्य दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा प्रकल्पों को समर्पित है और इसका मंचन 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक आई.पी. कॉलेज के डॉ. जे.पी. सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि समन्वय एवं मंच संचालन राहुल सिंह ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, शोधार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार