गोरखपुर में शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन BSA को सौंपा, 26 वर्षों की सेवा का हवाला देकर स्थायी समाधान की मांग
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर गोरखपुर में जिलाध्यक्ष राम नगीना निषाद के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा। शिक्षामित्रों ने 26 वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में सेवा और शिक्षकों के समान राष्ट्रीय कर्तव्यों का निर्वहन करने का हवाला दिया।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को जनपद गोरखपुर के शिक्षामित्रों ने अपनी मांगों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राम नगीना निषाद के नेतृत्व में शिक्षामित्रों का प्रतिनिधिमंडल बीएसए कार्यालय पहुंचा और माननीय मुख्यमंत्री जी को संबोधित ज्ञापन श्रीमान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महोदय को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 26 मई, 1999 को जारी शासनादेश के अनुसार अध्यापकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों के सापेक्ष शिक्षामित्रों का चयन जिला चयन समिति द्वारा किया गया था। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा चयन के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विज्ञापित पदों पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान - डायट में 30 दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत शिक्षामित्रों को विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कराया गया था।
संघ ने कहा कि विगत 26 वर्षों से शिक्षामित्र गांव के गरीब, किसान-मजदूर के बच्चों को शिक्षित करने का कार्य पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। साथ ही निर्वाचन ड्यूटी, बोर्ड परीक्षा ड्यूटी, जनगणना, बाल गणना, मतगणना व अन्य समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों में अध्यापकों के समान ही कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष राम नगीना निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ समय-समय पर अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करता रहा है, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने शासन से 26 वर्षों की सेवा को देखते हुए मानवीय आधार पर शिक्षामित्रों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
इस दौरान जिले के बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
