जीवन में असफलता ही सफलता की आधारशिला बनती है -अनिल प्रताप सिंह
जीवन में असफलता ही सफलता की आधारशिला बनती है -अनिल प्रताप सिंह
गोरखपुर(हिन्द भास्कर):- सेंट एंड्रयूज कॉलेज, गोरखपुर के विधि विभाग में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएजी अनिल प्रताप सिंह बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन एवं अपर महाधिवक्ता, हाई कोर्ट लखनऊ, अनिल प्रताप सिंह (सीनियर एडवोकेट) का कॉलेज के प्राचार्य एस. डोमिनिक राजकुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन विधि विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अतुल कुमार सिंह ने किया। अधिवक्ता परिषद गोरखपुर के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. उदयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि का परिचय कराते हुए उनके गहन विधिक ज्ञान, प्रभावी पैरवी, न्याय के प्रति समर्पण तथा विद्यार्थियों के प्रति स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन की सराहना की। अपने उद्बोधन में अनिल प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विधि व्यवसाय में धैर्य, परिश्रम और ईमानदारी सर्वोपरि हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में असफलताएँ ही सफलता की आधारशिला बनती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वकालत से श्रेष्ठ कोई अन्य पेशा नहीं है, क्योंकि यह न केवल सम्मान और समान हैसियत प्रदान करता है, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का अवसर भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब अधिवक्ता अपने ज्ञान और निष्ठा के साथ आमजन को न्याय दिलाने का प्रयास करता है, तो उसे आत्मसंतोष और सामाजिक सम्मान दोनों प्राप्त होते हैं।
इस अवसर पर श्री राकेश पाण्डेय (एडवोकेट), राजीव भूषण (एडवोकेट) तथा शिक्षकगण राकेश मिश्रा , परवेज आलम सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक रहा।
What's Your Reaction?
