लखनऊ में बारिश के बीच सड़कों पर उतरे मंत्री ए.के. शर्मा, जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण
लखनऊ में भारी बारिश के बीच नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया, अधिकारियों को अलर्ट रहने और स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को लखनऊ के कई इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने जलभराव और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
मंत्री शर्मा ने सबसे पहले जनेश्वर मिश्र पार्क और अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास बने अंडर ब्रिज का निरीक्षण किया। बारिश के बावजूद वहां पानी न भरने पर उन्होंने संतोष जताया। साथ ही नगर आयुक्त गौरव कुमार को निर्देश दिया कि शहर के सभी अंडरपास और अंडर ब्रिज को चिन्हित कर उनकी ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा कर ली जाए, ताकि भविष्य में जलभराव की नौबत न आए।
इसके बाद वे इंदिरा नगर सी-ब्लॉक पहुंचे। वहां नाले का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नया नाला बनने के बाद इस बार जलभराव नहीं हुआ। इस पर लोगों ने मंत्री का आभार जताया। मंत्री ने रहीम नगर और महानगर क्षेत्र में भी नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी निचले इलाकों को चिन्हित कर जलभराव के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
सिर्फ पानी निकालने तक सीमित न रहा जाए, बल्कि नालों की क्षमता, पंपिंग सिस्टम और निकासी मार्गों को भी मजबूत किया जाए। इस दौरान मंत्री शर्मा ने कहा कि इस बार लखनऊ में पिछले 20 साल का बारिश का रिकॉर्ड टूटा है, इसके बावजूद शहर में गंभीर जलभराव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पहले फैजुल्लागंज, विधानसभा और सिविल हॉस्पिटल के आसपास पानी भर जाता था, लेकिन पिछले कुछ सालों में किए गए सुधारों से अब हालात काफी बेहतर हैं।
उन्होंने नगर निगम और अन्य विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा। जरूरत पड़ने पर तत्काल टीम और संसाधन मौके पर भेजे जाएं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
