शौर्य से शौच तक - एक ही तारीख के दो भारत, एक ही संदेश गरिमा

19 नवंबर एक अद्भुत संयोग का दिन है। इसी तारीख को 1828 में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का जन्म हुआ और इसी तारीख को दुनिया विश्व शौचालय दिवस मनाती है। एक ने तलवार से गरिमा बचाई, दूसरा शौचालय से गरिमा देता है। दोनों का सूत्र एक ही है - गरिमा।

Nov 19, 2026 - 21:19
Nov 19, 2026 - 21:23
 0  8
शौर्य से शौच तक - एक ही तारीख के दो भारत, एक ही संदेश गरिमा

19 नवंबर को जन्मीं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और उसी दिन मनाया जाता है विश्व शौचालय दिवस, दोनों की लड़ाई एक ही थी - इज्जत की लड़ाई

19 नवंबर एक अद्भुत संयोग का दिन है। इसी तारीख को 1828 में भारत की शौर्य की देवी झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का जन्म हुआ था और इसी तारीख को पूरी दुनिया गरिमा का दिवस यानी विश्व शौचालय दिवस मनाती है। एक तारीख, दो दर्शन - एक ने तलवार से गरिमा बचाई, दूसरा शौचालय से गरिमा देता है।

पहला दर्शन - रानी लक्ष्मीबाई।

वाराणसी में 19 नवंबर 1828 को जन्मी मणिकर्णिका उर्फ मनु, 1842 में झांसी की रानी बनीं। पुत्र वियोग और 1853 में पति गंगाधर राव की मृत्यु के बाद दत्तक पुत्र दामोदर राव को लॉर्ड डलहौजी ने हड़प नीति से 27 फरवरी 1854 को अमान्य कर झांसी हड़प ली और 60 हजार पेंशन दी। तीन साल की कानूनी लड़ाई के बाद 1857 में उन्होंने प्रशासन संभाला। 23 मार्च से 4 अप्रैल 1858 तक सर ह्यूरोज की घेराबंदी में झलकारी बाई जैसी महिला सैनिकों के साथ किला लड़ा। फिर दामोदर राव को पीठ पर बांधकर 102 किमी की रातों-रात घुड़सवारी कर कालपी और फिर ग्वालियर पर अधिकार किया। 18 जून 1858 को कोटा की सराय में 29 साल की उम्र में वीरगति पाई। ह्यूरोज ने लिखा - वह विद्रोहियों में सबसे बहादुर मर्द थी।

दूसरा दर्शन - विश्व शौचालय दिवस।

19 नवंबर 2001 को सिंगापुर के जैक सिम ने इस वर्जित विषय पर संगठन बनाया और 24 जुलाई 2013 को UN प्रस्ताव 67/291 से यह आधिकारिक बना। WHO 2023 के अनुसार आज भी 3.5 अरब लोगों के पास सुरक्षित शौचालय नहीं और 41.9 करोड़ खुले में जाते हैं। भारत में 2011 में 32.7% ग्रामीण घरों में ही शौचालय था, स्वच्छ भारत में 11 करोड़ बनाकर आज 95% से अधिक कवरेज है। अब लड़ाई ODF से ODF Plus की है - मल से बायोगैस और खाद बनाना।

दोनों का एक ही सूत्र है - गरिमा। रानी ने सिखाया कि जब राज्य का कानून अन्याय बन जाए तो तलवार उठानी पड़ती है और शौचालय ने सिखाया कि जब समाज की आदत अन्याय बन जाए तो शौचालय बनाना पड़ता है। रानी की लड़ाई महल से शुरू होकर मैदान में खत्म हुई, शौचालय की लड़ाई मैदान से शुरू होकर महल यानी घर के अंदर खत्म हो रही है।

19 नवंबर हमें याद दिलाता है - देश की रक्षा के लिए रानी जैसी हिम्मत और देश के स्वास्थ्य के लिए शौचालय जैसी समझ, दोनों ही चाहिए।

- राजा देवराय (दार्शनिक)

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार