लखनऊ में सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स का पंचम अधिवेशन संपन्न, पेंशन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति में देरी पर जताई नाराजगी
लखनऊ में सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स का पंचम अधिवेशन संपन्न, पेंशन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति में देरी पर जताई नाराजगी
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स कल्याण संघ उत्तर प्रदेश की लखनऊ मंडल शाखा का पंचम अधिवेशन आज लोक निर्माण विभाग डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन के सभागार में संपन्न हुआ। अधिवेशन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष इंजीनियर विजय कुमार सिंह ने की और संचालन मंडल सचिव इंजीनियर शिव शंकर वर्मा और अखिलेश्वर श्रीवास्तव ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त निदेशक पेंशन कुलदीप सरोज मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर श्रवण कुमार यादव, प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर आर.के. भाटिया और कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर दिवाकर राय मौजूद रहे।
अधिवेशन में मंडल सचिव ने सदस्यों की समस्याओं का ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें पेंशन कार्यालय, कोषागार कार्यालय में आ रही दिक्कतों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिलों के सत्यापन में अनावश्यक देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सभा को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर आर.के. भाटिया ने आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों के हितों को सुरक्षित करने के राष्ट्रीय स्तर के प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर दिवाकर राय ने राशिकरण की कटौती 15 वर्ष के बजाय 11 वर्ष करने में आ रहे अवरोध को अनुचित बताया और संसद से पारित वैलिडेशन एक्ट को पेंशनरों पर कुठाराघात बताया। मुख्य अतिथि कुलदीप सरोज ने आश्वासन दिया कि उनके कार्यालय से पेंशनरों की कोई समस्या लंबित नहीं रहेगी और उच्च स्तर की समस्याओं को संस्तुति के साथ अग्रसारित किया जाएगा।
अधिवेशन के अंत में नई मंडल कार्यकारिणी का निर्विरोध चुनाव हुआ। इंजीनियर एल.एन. सचान ने चुनाव अधिकारी के रूप में चुनाव संपन्न कराया। इसमें मंडल अध्यक्ष इंजीनियर राम रतन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम लखन मौर्य, सचिव अमर बहादुर सिंह और वित्त सचिव शैलेश कुमार मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी निर्वाचित हुए। अंत में दिवंगत साथियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
What's Your Reaction?
