ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने की जनसुनवाई, बोले - शिकायतों का निस्तारण कागजों तक सीमित न रहे, लाभ सीधे जनता तक पहुंचे
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने की जनसुनवाई, बोले - शिकायतों का निस्तारण कागजों तक सीमित न रहे, लाभ सीधे जनता तक पहुंचे
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- आज अपने आवास पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जनसुनवाई की। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। मंत्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन, बिल सुधार और क्षमता वृद्धि के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए।
मंत्री शर्मा ने नगर विकास विभाग द्वारा विद्युत विभाग को नगरीय निकायों में विद्युतीकरण के लिए भेजी गई धनराशि और उससे कराए गए कार्यों का पूरा विवरण तलब किया। उन्होंने कहा कि आवंटित धनराशि का प्रभावी उपयोग हो और लंबित कार्य प्राथमिकता पर पूरे हों।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ फरियादी तक पहुंचे। अधिकारियों को नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
What's Your Reaction?
