आकाशवाणी गोरखपुर पर सुबह 5:55 बजे गूंज रहा है ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण संस्करण
आकाशवाणी गोरखपुर पर सुबह 5:55 बजे गूंज रहा है ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण संस्करण
गोरखपुर(हिन्द भास्कर):- देश के हर कोने में अब एक नई सुबह की शुरुआत हो रही है। 26 मार्च 2026 से आकाशवाणी के सभी स्टेशनों पर ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण संस्करण प्रसारित किया जा रहा है। आकाशवाणी गोरखपुर के कार्यक्रम प्रमुख मनीष द्विवेदी ने बताया कि आकाशवाणी केंद्र गोरखपुर से भी अब प्रतिदिन सुबह 5:55 बजे राष्ट्रीय गीत का पूर्ण संस्करण गूंज रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से आकाशवाणी की परंपरा रही है कि सुबह के प्रसारण की शुरुआत विशेष धुन के साथ होती है, जिसके बाद ‘वंदे मातरम’ के दो छंदों वाला संक्षिप्त संस्करण प्रसारित किया जाता था। अब इस परंपरा में बदलाव करते हुए पूर्ण संस्करण प्रसारित किया जा रहा है, जिसकी अवधि लगभग 3 मिनट 10 सेकंड है और इसमें छह छंद शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गृह मंत्रालय द्वारा 28 जनवरी 2026 को जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह निर्णय लिया गया है। मनीष द्विवेदी ने बताया कि 26 मार्च से केंद्र पर सुबह 5:55 बजे ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण संस्करण नियमित रूप से प्रसारित किया जा रहा है। इससे श्रोताओं को राष्ट्रीय गीत के विस्तृत और मूल स्वरूप को सुनने का अवसर मिल रहा है, जो पहले संभव नहीं था।
उन्होंने बताया कि नए संस्करण को प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित चंद्रशेखर वाजे ने राग देश में स्वर दिया है, जो गीत को और अधिक प्रभावशाली बनाता है। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी द्वारा आगे ‘वंदे मातरम’ के क्षेत्रीय संस्करण तैयार करने की भी योजना है, जिसमें स्थानीय भाषाओं और वाद्ययंत्रों का समावेश होगा।
इससे विभिन्न राज्यों के श्रोताओं को अपनी सांस्कृतिक शैली में इस राष्ट्रीय गीत को सुनने का अवसर मिलेगा। द्विवेदी ने कहा कि अब श्रोता हर सुबह ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण और विस्तृत स्वरूप के साथ अपने दिन की शुरुआत कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
