मंत्री ए के शर्मा का औचक निरीक्षण, मौके से ही एमडी को किया फोन, दोषियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मंत्री ए के शर्मा का औचक निरीक्षण, मौके से ही एमडी को किया फोन, दोषियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गाजीपुर के महड़ौर मार्ग पर विद्युत व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। लटके और अव्यवस्थित विद्युत तारों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही बताया।
मंत्री शर्मा ने मौके पर गाड़ी रुकवाकर स्थिति का निरीक्षण किया। लटके हुए विद्युत तारों को देख कर मंत्री शर्मा ने नाराजगी जताई। उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से फोन पर बात की और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्युत व्यवस्था में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र के सभी लटके, जर्जर एवं अव्यवस्थित तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो, इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बताते चलें कि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा बलिया जनपद के रसड़ा स्थित नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में सहभाग करने जा रहे थे। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद मार्ग में दिखी इस गंभीर समस्या को उन्होंने नजरअंदाज नहीं किया और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत लाइनों के रखरखाव को प्राथमिकता पर लिया जाए, विशेष रूप से उन क्षेत्रों में जहां आबादी अधिक है या आवागमन अधिक होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए समयबद्ध कार्यवाही अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
